Follow Us:

धर्मशाला में पहली बार होगा राष्ट्रीय युवा उत्सव, देश भर से 5 हजार युवा लेंगे भाग

डेस्क |

राष्ट्रीय युवा उत्सव में देश के विभिन्न प्रांतों से 5000 युवा प्रतिनिधि भाग लेंगे। धर्मशाला में यह उत्सव 12 से 16 जनवरी 2022 तक आयोजित किया जाएगा। यह पहली मर्तबा है कि धर्मशाला में राष्ट्रीय उत्सव आयोजित किया जाएगा। इस बारे में जानकारी देते हुए युवा सेवाएं एवं खेल मंत्रालय की सचिव उषा शर्मा ने बताया कि एक भारत श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को साकार करने के उदेश्य से ऐसे उत्सवों का आयोजन किया जाता है जिसमें पूरे देशभर के युवा अपनी अपनी संस्कृति और परंपराओं का आदान प्रदान एक दूसरे के साथ करते हैं।

उन्होंने कहा कि 12 से 16 जनवरी तक चलने वाले इस उत्सव में लोक नृत्य, लोक गीत, वन एक्ट प्ले, शास्त्रीय संगीत, हारमोनियम, तबला, मृदंग, वीणा, बांसुरी, सितार, मणिपुरी, ओडिसी, कुचीपुड़ी, भारत नाट्यम और कथक नृत्य कलाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा युवा कलाकार शिविर, युवा कृति, खान-पान उत्सव, रोमांचकारी शिविर, सुविचार और युवा सम्मेलन जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किये जाएंगे।

मंत्रालय इस आयोजन को सफल बनाने के लिए हरसंभव मदद प्रदान करेगा। इससे पहले युवा सेवाएं मंत्रालय के सह सचिव एनके मिस्त्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में हर वर्ष एक प्रदेश में राष्ट्रीय युवा उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में धर्मशाला में अगले वर्ष इसका आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय स्तरीय मेला जहां एक दूसरे राज्य की सांस्कृतिक आदान-प्रदान और राष्ट्रीय सद्भावना के लिए उचित अवसर होगा वहीं बाहरी राज्यों के नवयुवकों को हिमाचल की खूबसूरती को देखने का मौका मिलेगा।