Follow Us:

हमीरपुर: पूजा का समान प्रवाहित करने आई महिला का ब्यास नदी में तैरता मिला शव

जसबीर कुमार |

हमीरपुर जिले में ब्यास नदी में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की डूबने से मौत हो गई। लोगों ने सुबह नदी में एक महिला का शव तैरता हुआ देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। मृतक 47 वर्षीय महिला गौना गांव की रहने वाली है। महिला का पति पैरामिलिट्री फोर्स में कार्यरत है।

परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार को महिला पूजा-अर्चना का सामान जल में प्रवाहित करने आई हुई थी। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि पैर फिसलने से महिला नदी में जा गिरी लेकिन सच्चाई का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।

परिजनों का कहना है कि महिला मंगलवार दोपहर बाद घर से निकली थी। देर शाम जब वापस घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसे ढूंढने की कोशिश की। लेकिन उसका पता नहीं चल सका। सुबह जब पतन बाजार के साथ बहती ब्यास नदी में मृतक महिला का शव पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया तो लोगों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी।

थाना प्रभारी नीरज राणा ने बताया कि परिजनों से बात की गई है। महिला अपने घर से निकली और नदी में पूजा अर्चना का समान प्रवाहित करने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कर छानबीन शुरू कर दी है।