Follow Us:

पद्मश्री विद्यानंद सरैक को कांग्रेस ने दी बधाई, पच्छाद वासियों से चुनाव को लेकर की अपील

पी. चंद |

पद्मश्री विद्यानंद सरैक को प्रदेश कांग्रेस ने उनके गांव देवठी मझ में जाकर बधाई दी। प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठ़ौर ने इस दौरान उन्हें टोपी और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि उनकी इस उपलब्धि से प्रदेश का कला क्षेत्र गौरवान्वित हुआ है। कला के क्षेत्र में सरैक के उल्लेखनीय काम के लिए उन्हें जो सम्मान भारत सरकार द्वारा दिया गया है उससे प्रदेश विशेष तौर पर सिरमौर का नाम ऊंचा हुआ है। कला के प्रति उनके स्नेह और प्यार की वजह से उन्हें यह सम्मान मिला है जिसके वह वास्तविक हकदार थे।

राठौर ने क्षेत्र के विकास में प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री स्व. डॉ. परमार को याद करते हुए कहा कि आधुनिक समय में पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह के उल्लेखनीय योगदान को भी कभी भुलाया नहीं जा सकता। आज यह क्षेत्र वर्तमान भाजपा सरकार की उपेक्षा का शिकार बना है। इस क्षेत्र में जितना भी विकास हुआ वह सब कांग्रेस सरकार और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर का विशेष योगदान रहा। पच्छाद विधानसभा क्षेत्र कांग्रेस का गढ़ रहा है और फिर से यह कांग्रेस की झोली में ही आना चाहिए, तभी इस क्षेत्र का विकास होगा।

उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि प्रदेश की प्रगति के लिये कांग्रेस को सत्ता में लाना बहुत ही जरूरी है। अब प्रदेश में इस साल विधानसभा चुनाव होने है। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन की लहर चल पड़ी है। प्रदेश में अगली सरकार कांग्रेस की होगी, जो जन आकांक्षाओं को पूरा करेगी। पच्छाद फिर से कांग्रेस की झोली में आये इसके लिये सभी को एकजुटता के साथ कांग्रेस प्रत्याशी की जीत के लिए काम करना होगा, इसी में क्षेत्र की भलाई होगी।