Follow Us:

अब ठंड से मिलेगी निजात, तेज धूप से बदलेगा मौसम का मिजाज

डेस्क |

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ओर से दिल्ली-एनसीआर के करोड़ों लोगों के लिए राहत भरी खबर आ रही है। आने वाले दिनों में यानी अगले सप्ताह से न केवल ठंड से निजात मिलने जा रही है, बल्कि तेज धूप से दिल्ली-एनसीआर के मौसम का मिजाज भी बदलने जा रहा है।

मौसम विभाग का ताजा पूर्वानुमान है कि दिल्ली और एनसीआर के शहरों समेत पूरे उत्तर भारत में एक सप्ताह के भीतर ठंड से और राहत मिलेगी, क्योंकि अगले सप्ताह 16 फरवरी को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस पहुंचने की संभावना है। इसके बाद दिल्ली-एनसीआर में 17 फरवरी को अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है। इसके बाद इसमें लगातार बढ़ोतरी होने के आसार हैं, यानी तकरीबन डेढ़ महीने से ठंड से परेशान लोगों को राहत मिलने जा रही है।

हल्की हवाओं के चलने शनिवार को सुबह लोगों को ठंड का एहसास हुआ, लेकिन तेज धूप निकलने के साथ लोगों को राहत मिलने लगी है। सुबह 8 बजे के बाद दिल्ली-एनसीआर में लोग पार्कों ओर घर की छतों पर तेज धूप का आनंद लेते नजर आ रहे हैं। धूप का आनंद लेने के लिए शनिवार सुबह से ही लोग स्वेटर और जैकेट उतार कर घर की छतों पर बैठे हैं। वहीं, मौसम विभाग का कहना है कि ठंड से राहत का दौर जारी रहेगा। इसी कड़ी में अगले सप्ताह अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है।

इससे पहले राजधानी दिल्ली में शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। इस वजह से सुबह में ठंड महसूस की गई, लेकिन आकाश साफ रहा और दिन में तेज धूप खिलने के कारण ठंड मौसम खुशनुमा रहा। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी दिनभरर आसमान साफ रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं न्यूनतम 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नरेला में न्यूनतम तापमान सबसे कम 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और वहां अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।