Follow Us:

लैंडिंग के वक्त फिसल कर रनवे से बाहर हुआ विमान, सवार 54 यात्रियों में मचा हड़कंप

डेस्क |

मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित डुमना एयरपोर्ट पर एयर इंडिया का विमान हादसे का शिकार हो गया। राहत की बात यह है कि विमान में दिल्ली से जबलपुर आए 54 यात्रियों को कुछ नहीं हुआ। दरअसल, विमान लैंडिंग के दौरान फिसलकर रनवे से बाहर हो गया था। पायलटों ने सूझ-बूझ दिखाते हुए बाद में विमान को रनवे पर लेकर आए।

यह हादसा दिल्ली से जबलपुर आई एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या E-9167 के साथ हुआ। लैंडिंग के तुरंत बाद विमान अनियंत्रित होकर रनवे से बाहर चला गया। विमान में बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया।

हालांकि, कोई जनहानि नहीं हुई है। मौके पर एयरपोर्ट की फायर ब्रिगेड और फिर अधिकारी पहुंचे। घटना दोपहर 1.30 बजे की है। घटनास्थल को एयरपोर्ट प्रशासन ने सील कर सभी यात्रियों को लाउंज में पहुंचाया। विमान के लैंडिंग गियर और विंग को नुकसान होने की खबर है, फिलहाल हवाई अड्डा बंद कर दिया गया है।