Follow Us:

योगी आदित्यनाथ का विधान परिषद से इस्तीफा, यूपी में एक और सीट खाली

डेस्क |

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद अब 9 अप्रैल से विधान परिषद की 36 सीट का चुनाव होना है। इसी बीच विधान परिषद की एक और सीट खाली हो गई है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह को अपना इस्तीफा दे दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार भी कर लिया है। योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर शहर से विधायक चुने जाने के बाद विधान परिषद के सदस्य पद से इस्तीफा दे दिया है। उनका कार्यकाल 6 जुलाई 2022 तक ही था।

योगी आदित्यनाथ एक बार फिर से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की गद्दी संभालेंगे। इसके लिए उत्तर प्रदेश के पर्यवेक्षक अमित शाह तथा सह पर्यवेक्षक रघुवर दास की मौजूदगी में 24 मार्च को योगी आदित्यनाथ को उत्तर प्रदेश भाजपा विधायक दल का नेता चुना जाएगा।

भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ को एक बार फिर से मुख्यमंत्री के रूप में दूसरा कार्यकाल देने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है। लखनऊ के इकाना इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में 25 मार्च को योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस दौरान योगी आदित्यनाथ के साथ 40-45 मंत्री भी शपथ लेंगे। इनमें दो करीब दर्जन कैबिनेट, 10-12 स्वतंत्र प्रभार के राज्य मंत्री तथा 10-15 राज्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।