Follow Us:

मंडी: जमीनी विवाद सुलझाने गई पुलिस पर लोगों ने किया पथराव, महिला अधिकारी घायल

डेस्क |

मंडी के जोगिंदरनगर में उस वक्त बवाल हो गया जब एक जमीनी विवाद के चलते लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, जमीनी विवाद निपटाने पंहुची पुलिस पर ही ग्रामीणों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पुलिस थाना जोगिंदरनगर की एक अधिकारी पर पत्थर बरसाये गए जिससे उन्हें गंभीर चोट आई है।

बताया जा रहा है कि जमीन के चलते दो पक्षों में बहसबाजी और मारपीट हो रही थी जिसके चलते माहौल तनावपूर्ण हो गया है। लेकिन जब पुलिस इस माहौल को शांत करवाने पहुंची तो पुलिस पर ही पथराव कर दिया गया। मौके पर पुलिस के उच्च अधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हुए और माहौल को शांत करवाया गया। ये घटना नेरी के चिमंणु गांव में पेश आई है। विवाद को काबू करने के लिए पुलिस थाना जोगिंदरनगर की सभी चौकियों का पुलिस बल घटना स्थल पर पहुंच गया। जांच के बाद पुलिस दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।

क्या बोले डीएसपी?

डीएसपी लोकेंद्र नेगी ने बताया दो भाइयों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस यहां कोर्ट के आदेश की अुनपालना करवाने के लिए पहुंची थी। इस दौरान दोनों पक्ष के बीच विवाद हो गया और उन्‍होंने पथराव शुरू कर दिया। इस पथराव के दौरान ही एक पुलिस अधिकारी को सिर में चोट लग गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में कर लिया है।