Follow Us:

शिमला में जश्न-ए-गणतंत्र, राज्यपाल ने फहराया तिरंगा

पी. चंद |

हिमाचल में भी शिमला के रिज मैदान पर 69वां गणतंत्र दिवस शानदार तरीके से मनाया गया। सीएम जयराम ठाकुर ने रिज मैदान पर राज्यपाल आचार्य देवव्रत का स्वागत किया। सीएम के साथ प्रदेश कैबिनेट के कई मंत्री भी राज्यस्तरीय गणतंत्र दिवस पर सीएम के साथ दिखे। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने गणतंत्र दिवस के मौके पर तिरंगा झंडा फहराया और परेड़ की सलामी ली ।

पुलिस की 25 कंपनियों, होमगार्ड, एनसीसी कैडेट्स और स्कूली छात्रों ने ऐतिहासिक रिज मैदान पर मार्च पास्ट किया। गणतंत्र दिवस के मौके पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस के द्वारा पुख्ता प्रबंध किए गए।

इस दौरान रिज मैदान पर प्रदेश की संस्कृति को दर्शाती हुई कई आकर्षक झांकियां भी निकाली गई। इसके बाद विभागों की झांकियां प्रदर्शित की गई। इनमें पर्यटन विभाग की झांकी में माता शिकारी देवी, पराशर झील, रोपवे को दिखाया गया।

वहीं, वन विभाग की झांकी में ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क को दिखाया गया।  इसके बाद मंडी जिले की सराजी नाटी पेश की गई।  इसके बाद सोलन जिले का पंडवा नृत्य पेश किया गया। इसे शादी ब्याह के मौके पर पेश किया जाता है। साथ ही शिमला जिले की नाटी पेश की गई। जिला प्रशासन शिमला की झांकी में स्वच्छ भारत मिशन के तहत किए गए कार्यों का उल्लेख किया गया। इसके बाद ऊना जिले का गिद्दा पेश किया गया।