Follow Us:

एक प्रेमी के चक्कर में 6 लड़कियों ने खाया जहर, 3 की मौत

डेस्क |

बिहार के औरंगाबाद के कासमा इलाके में काफी दर्दनाक घटना हुई है। यहां एक साथ 6 सहेलियों ने जहर खा लिया, जिसमें 3 की मौत भी हो गई। इसके बाद कोहराम मच गया। पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। इन सहेलियों में से एक लड़की का एक लड़के के साथ प्रेम संबंध चल रहा था। लड़के ने शादी से इनकार किया तो सभी लड़कियों ने जहर खाकर खुदकुशी करने की कोशिश की।

औरंगाबाद जिले में बेहद हैरान करनेवाली घटना घटी। कासमा थाना क्षेत्र से मामला जुड़ा हुआ है। यहां शुक्रवार की देर शाम 6 सहेलियों ने एक साथ जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। इसमें 3 सहेलियों की मौत हो गई, जबकि 3 को गंभीर हालत में मगध मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक तीनों सहेलियों की हालत चिंताजनक है।

औरंगाबाद के एसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक में एक लड़की का प्रेम प्रसंग अपने भाई के साले के साथ था। उसने अपनी सहेलियों के साथ प्रेम का इजहार कर शादी की पेशकश की। मगर लड़के ने इनकार कर दिया। प्रेमी से इनकारे जाने के बाद सभी सहेलियां अपने गांव आई तो देखा कि वो लड़की जो लड़के से प्रेम करती थी, उसने विषैले पदार्थ का सेवन कर लिया है। फिर सभी सहेलियों ने भी उसका साथ दिया और बारी-बारी से जहर खा लिया।

लड़कियों के जहरीला पदार्थ सेवन करने की घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। उन्हें बचाने की कोशिश की गई मगर 3 की मौत हो गई। बाकी तीन सहेलियों को बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही सीओ अवधेश कुमार सिंह, थानाध्यक्ष राजगृह प्रसाद, मुखिया प्रतिनिधि अनुज कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।