Follow Us:

हिमाचल: सड़क हादसे में दो सगी बहनों का उजड़ा सुहाग, पतियों की मौत

पी.चंद |

पी.चंद, शिमला।

कुमारसेन थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में दो सगी बहनों का सुहाग उजड़ गया। दोनों बहनों के पतियों की हादसे में मौत हो गई। जबकि दोनों बहनें और चालक बुरी तरह घायल हुए हैं और इन्हें IGMC रेफर किया गया है। मृतकों की पहचान रामपुर के करेरी निवासी बोज राज (54) और तकलेच निवासी मोहन लाल (64) के रूप में हुई है। दोनों का आपस में साडू का रिश्ता था। बोज राज की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि मोहन लाल ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ा। घायलों में चालक कार्तिक (19) निवासी करेरी, सीमा पत्नी बोज राज (38), कातला (58) पत्नी मोहन लाल शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह छह बजे के करीब शिमला-रामपुर नेशनल हाइवे-5 पर रेडी खड्ड के पास एक बोलेरो कैंपर खड्ड में जा गिरी। हादसे के समय बोलेरो में 5 लोग सवार थे। सभी लोग आपस में रिश्तेदार थे। बोलेरो को 19 साल का युवक चला रहा था। इसी बीच बोलेरो अनियंत्रित होकर करीब 300 फुट नीचे जा गिरी।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक की लापरवाही हादसे की वजह सामने आई है। दुर्घटना का शिकार हुए परिवार के सदस्य अपने रूटीन इलाज के लिए सोलन के कुमारहट्टी जा रहे थे। पुलिस द्वारा शवों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। वहीं मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।