Follow Us:

हिमाचल में आज करवट लेगा मौसम! तेज गर्जना के साथ बारिश का अनुमान

पी. चंद |

हिमाचल प्रदेश में मौसम आज गर्मी से राहत दे सकता है। मौसम विभाग ने सोमवार को लाहुल स्पीति को छोड़ प्रदेश के 11 जिलों में आंधी चलने व बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान चोटियों पर हिमपात व निचले क्षेत्रों में बारिश की संभावना है।

26 और 27 अप्रैल को मौसम साफ रहेगा। 28 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ एक बार फिर सक्रिय होगा और 30 अप्रैल तक इसके सक्रिय रहने की संभावना है। करीब दो महीने से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों-बागवानों को इससे राहत मिल सकती है।

रविवार को प्रदेश में धूप खिलने और दोपहर बाद बादल आने से तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं आया। रविवार को ऊना देश के कई शहरों से अधिक गर्म रहा। ऊना का अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मुंबई में 38.6, पुणे में 34.4, दिल्ली व बेंगलुरु में 33.4, चेन्नई 35.2 और हैदराबाद में 39.2 डिग्री दर्ज किया गया।

प्रदेश में सबसे अधिक तापमान में वृद्धि केलंग में 3.4 डिग्री की दर्ज की गई, जो सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक है। कांगड़ा में मामूली गिरावट के बावजूद प्रदेश में सामान्य से सबसे अधिक 5.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।