Follow Us:

आर्मी की तर्ज़ पर खुलेगी ‘सेंट्रल पुलिस कैंटीन’, हिमाचल से हो रही है शुरुआत

समाचार फर्स्ट डेस्क |

अर्द्धसैनिक बलों के जवानों और रिटायर्ड कर्मियों को जल्द ही कैंटीन की सौगात मिलने वाली है। आर्मी की तर्ज पर अब देश के सात राज्यों में सेंट्रल पुलिस कैंटीन खुलने जा रही है। इस कैंटीन में सुविधा बिल्कुस भारतीय सेना जैसी रहेगी। सबसे बड़ी बात कि इस कैंटिन की शुरुआत हिमाचल प्रदेश से हो रही है।

देश के 7 राज्यों केरल, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और पंजाब में सेंट्रल पुलिस कैंटीन खोली जाएंगी। इसमें पैरा-मिलिट्री फोर्स में सर्विस दे रहे जवानों, रिटयार्ड कर्मचारियों और उनके हजारों आश्रितों को लाभ मिलेगा। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है।

हिमाचल प्रदेश में पहली सेंट्रल पुलिस कैंटीन खोलने का प्रस्ताव मंडी जिला के लिए है। गृहमंत्रालय ने पायलट प्रॉजेक्ट के तहत देश के 7 राज्यों में 10 मिनी सेंट्रल पुलिस कैंटीन (CPC) खोलने की अधिसूचना जारी की है।

इंडियन आर्मी की तर्ज पर इस कैंटीन का संचालन पैरामिलिट्री वेलफेयर एसोसिएशन करेगी। जबकि, सामान केंद्र सरकार मुहैया कराएगी।