Follow Us:

उत्तराखंड के 12वें मुख्यमंत्री बने पुष्कर धामी, 8 विधायकों ने भी मंत्री पद की ली शपथ

डेस्क |

पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उन्हें राज्यपाल ले. जनरल गुरमीत सिंह (रि.) ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके साथ आठ मंत्रियों ने भी शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मौजूद रहे। इससे पहले, प्रदेश को रितु खंडूरी के रूप में पहली महिला स्पीकर मिली है।

सतपाल महाराज ने सबसे पहले मंत्री पद की शपथ ली। विधायक चंदन रामदास ने शपथ ली। इनके बाद विधायक सौरभ बहुगुणा ने शपथ ली। सौरभ बहुगुणा सितारगंज से दूसरी बार विधायक बने हैं। सौरभ पूर्व सीएम विजय बहुगुणा के बेटे हैं। एचएन बहुगुणा परिवार की तीसरी पीढ़ी है।

नरेंद्र नगर से दूसरी बार विधायक चुने गए सुबोध उनियाल ने भी मंत्री पद की शपथ ली। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आईं रेखा आर्य ने मंत्री पद की शपथ ली। रेखा सोमेश्वर से तीसरी बार विधायक बनीं हैं। 2016 में कांग्रेस से बीजेपी में आई। 2017 से उनके पास राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार था।

गणेश जोशी ने मंत्री पद की शपथ ली। गणेश जोशी ने शपथ के बाद पीएम मोदी को सैल्यूट किया। इसके बाद धन सिंह रावत ने शपथ ली। धन सिंह रावत श्रीनगर से दूसरी बार विधायक चुने गए हैं। प्रेम चंद अग्रवाल ने संस्कृत में शपथ ली। इस दौरान संतों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया।