Follow Us:

काले झंडे दिखाने पर ममता का दबंग अंदाज, गाड़ी रुकवाई और कार्यकर्ताओं को दिया जवाब

डेस्क |

समाजवादी पार्टी के लिए प्रचार करने बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बुधवार शाम बनारस पहुंचीं। लालबहादुर शास्त्री एयरपोर्ट पर उतरने के बाद ममता सीधे दशाश्वमेध घाट के लिए निकलीं। रास्ते में कुछ युवाओं ने दो स्थानों पर उन्हें काले झंडे दिखाए। चेतगंज में काला झंडा दिखाए जाने पर ममता बिफर पड़ीं। उन्होंने मौके पर गाड़ी रुकवाई और सड़क पर उतर गईं।

सामने आए समर्थकों को किनारे करते हुए कहा, काला झंडा दिखाना है तो सामने आकर दिखाओ भाजपा वालों। तुम हार रहे हो और यह काला झंडा नहीं यह डर है तुम्हारा। माइक लेकर उन्होंने जय यूपी और जय हिंद का नारा भी लगाया। पुलिस ने युवाओं को किनारे किया। ममता वापस जाओ और जय श्रीराम के नारे भी लगे। आरती देखने जब ममता दशाश्वमेध घाट पहुंचीं तो वहां भी विरोध प्रदर्शन जारी रहा। इसे लेकर सपा-भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच भिड़ंत भी हुई।

ममता के विरोध के बाद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता गोदौलिया चौराहे पर भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे हैं। दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने सामने आ गए। इसके बाद पुलिस बल बढ़ते हुए दोनों दल के कार्यकर्ताओं को मौके से हटाया गया। करीब 10 मिनट तक जयश्री राम और वापस जाओ के नारे लगते रहे औऱ ममता वहीं खड़ी रहीं। इस दौरान ममता ने कहा कि हार के डर से ये सब हो रहा है, अब बिना हराए यहां से नहीं जाऊंगी। प्रदर्शनकारियों को रोकने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

उनका काफिला जैसे ही आगे बढ़ा जगह-जगह मौजूद भाजपा का झंडा लिए लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी। काला झंडा भी दिखाया गया। गाड़ी मुश्किल से आगे बढ़ी तो पीछे आ रहे सपा कार्यकर्ता विरोध कर रहे लोगों से भीड़ गए। मारपीट शुरू हो गई और डंडे चलने लगे। माहौल बिगड़ता देख पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए लोगों को हटाया। गोदौलिया चौराहे पर दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। इस दौरान दशाश्वमेध से लेकर गोदौलिया तक गहमा-गहमी की स्थित रही।