Follow Us:

कैलिफोर्निया के रेस्तरां में गोलीबारी, 13 लोगों की मौत

समाचार फर्स्ट |

अमेरिका में सदर्न कैलिफॉर्निया के भीड़-भाड़ वाले एक रेस्तरां में बुधवार रात एक अज्ञात हमलावर ने गोलीबारी कर दी। बंदूकधारी समेत कुल 13 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। सुरक्षाबलों ने हमलावर को मार गिराया है। काउंटी में शेरिफ के एक कैप्टन ने यह जानकारी दी।

वेंटूरा काउंटी शेरिफ के ऑफिस कैप्टन गैरो कुरेदजियान ने बताया कि घटना में शेरिफ के एक उप-अधिकारी को भी गोली लगी है, उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। बहरहाल उन्होंने घायलों के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी। थाउजंड ओक्स के बॉर्डरलाइन बार ऐंड ग्रिल में गोली चलने की जानकारी सबसे पहले रात करीब 11 बजकर 20 मिनट पर मिली थी। उप अधिकारी जब घटनास्थल पर पहुंचे तब उन्होंने भी गोली चलने की आवाज सुनी। अधिकारी मामले में जांच कर रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने मीडिया को बताया कि एक शख्स ने बंदूक से कई बार गोलियां चलाईं और धुंए वाला बम उड़ाने के बाद उसने फिर से गोलीबारी की। पुलिस ने ‘लॉस एंजिलिस टाइम्स’ को बताया कि घटना में कम से कम 30 गोलियां चलीं। पुलिस का कहना है कि लोगों को अब कोई खतरा नहीं है।