Follow Us:

ऊना में नहीं थम रहे आत्महत्या के मामले, पत्नी से विवाद के चलते अंब के 32 साल के व्यक्ति ने दी जान

समाचार फर्स्ट डेस्क |

जिला ऊना में आत्महत्या के मामले निरंतर बढ़ते जा रहे हैं। यहां पुलिस थाना अम्ब में एक 32 साल के व्यक्ति ने पत्नी से विवाद के चलते जहरीला पदार्थ निगलकर जान दे दी। मृतक का शव उसके गांव के पास एक खड्ड में मिला है। मृतक व्यक्ति की पहचान सुरिंदर पुत्र पंजू राम निवासी घेबट बेहड़ के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि सुरिंदर का पत्नी के साथ कुछ विवाद था। तीन-चार दिन पहले वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ससुराल गया था। लेकिन जब वापस घर आने की बात आई तो पत्नी ने आने से मना कर दिया। उसके बाद वह अकेला ही अपने बच्चों को साथ लेकर घर आ गया। इसी परेशानी में वह शुक्रवार दोपहर बाद से घर से गायब था। देर शाम को किसी ने उसे गांव से थोड़ी दूर चंगौली-टिब्बी खड्ड के किनारे मृत पड़े देखा।

इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही अम्ब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। उधर, ऊना डीएसपी सृष्टि पांडे ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। वहीं, मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।