Follow Us:

द्रंग से BJP विधायक के साथ मारपीट, अपने चाचा पर लगाया मारपीट का आरोप

समाचार फर्स्ट |

जिला मंडी के द्रंग से बीजेपी विधायक जवाहर ठाकुर के साथ मारपीट हुई है। विधायक जवाहर ठाकुर ने अपने चाचा और उनके दो बेटों पर उनके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। इस संदर्भ में विधायक ने औट पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है।

वहीं, दूसरी तरफ विधायक के चाचा ज्योति प्रकाश ने भी विधायक पर उन्हें मारने की धमकी देने और विधायकी की धौंस दिखाने का आरोप लगाया है। पुलिस फिलहाल दोनों शिकायतों पर जांच पड़ताल कर रही है।

जानकारी के मुताबिक यह मामला मंगलवार शाम का है। द्रंग विधानसभा क्षेत्र के टकोली गांव में स्थानीय देवता मेला आयोजित किया जा रहा था। जिसमें इलाके के लोग अपने देवी-देवताओं के साथ शिरकत करने आए हुए थे। मेले में द्रंग से बीजेपी के विधायक जवाहर ठाकुर अपने गांव के देवता संग मेले में आए। यहां देवता को बैठाने वाले स्थान को लेकर विधायक का अपने चाचा ज्योति प्रकाश के साथ विवाद हो गया।

विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि यहीं पर मारपीट भी हुई। विधायक ने औट थाने में इसकी शिकायत दर्ज करवा दी है और अपने चाचा और उनके दो बेटों पर मारपीट का आरोप लगाया है।

पुलिस ने मंगलवार शाम को ही विधायक का मेडिकल करवाकर मामला दर्ज करके कार्रवाही शुरू कर दी है। वहीं विधायक जवाहर ठाकुर के चाचा ज्योति प्रकाश ने भी पुलिस को शिकायत दी है कि उन्हें विधायक जवाहर ठाकुर ने मारने की धमकी दी है। इसके साथ ही इन्होंने शिकायत में विधायक पर अपने पद की धौंस दिखाने का आरोप भी लगाया है। इस बारे में भी पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

एसपी मंडी गुरदेव चंद शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि विधायक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और दूसरे पक्ष की तरफ से आई शिकायत पर कार्रवाही की जा रही है।