Follow Us:

यमुना एक्सप्रेस वे पर बस ने खड़े ट्रक को मारी टक्कर, 8 लोगों की मौत

समाचार फर्स्ट डेस्क |

ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को तड़के एक निजी बस ने सड़क के किनारे खड़े एक ट्रक को टक्कर मार दी जिससे आठ लोगों की मौत हो गई और कम से कम 30 लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के परख्खचे उड़ गए। पुलिस ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां 12 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। लखनऊ में अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गौतम बुद्ध नगर पुलिस एवं प्रशासन के प्रमुखों को निर्देश दिया है कि वे पीड़ितों को शीघ्र सहायता मुहैया कराए।

जानकारी के अनुसार हादसे के समय बस आगरा से नोएडा जा रही थी। हादसा तड़के करीब पांच बजे रबूपुरा थाना क्षेत्र में हुआ। बस ओरैया डिपो की थी। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई और 30 अन्य लोग घायल हो गए।’ इसमें कहा गया है कि दुर्घटनास्थल पर पुलिसकर्मी मौजूद हैं और पीड़ितों को निकटवर्ती जेवर के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गौतम बुद्ध नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वैभव कृष्ण ने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची थाना रबूपुरा पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। मृतकों की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। इस घटना के चलते यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ी देर तक यातायात बाधित रहा।