Follow Us:

चंबाः गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने भरमौर-पठानकोट NH पर 2 लोगों से बरामद की चरस

समाचार फर्स्ट डेस्क |

जिला चंबा में दो लोगों से चरस बरामद होने का मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने गुप्त सूचना के अधार पर मंगलवार सुबह भरमौर-पठानकोट एनएच पर करियां के पास नाका लगाया हुआ था। इस दौरान दो लोगों से 414 ग्राम चरस बरामद की गई। चरस के साथ पकड़े गए आरोपितों की पहचान मान सिंह उर्फ बिट्टू निवासी कूंर और काहन सिंह निवासी रजेरा के तौर पर की गई है। पुलिस को बीते दिनों सूचना मिली थी कि दोनों मंगलवार सुबह चरस की खेप लेकर चंबा की तरफ आएंगे, जिस आधार पर पुलिस ने करियां के पास नाकाबंदी की।

पुलिस सुबह साढ़े पांच बजे गश्त पर थी तब दो लोग बाइक पर सवार होकर आ रहे थे। दोनों पुलिस को देखकर हड़बड़ा गए और बाइक चला रहे कान सिंह पुलिस को देख कर भागने का प्रयास करने लगा। जिस पर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों को बाइक सहित पकड़ा और उनके बैग की तलाशी ली। इस दौरान उनके बैग से 414 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने चरस तस्करी के आरोप में दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

चंबा डीएसपी अजय कपूर ने बताया कि जिला में चरस तस्करों के खिलाफ पुलिस ने विशेष अभियान छेड़ा है। इसके तहत कार्रवाई की जा रही है। गुप्त सूचना के आधार पर भी पुलिस जगह-जगह दुर्गम क्षेत्रों में नाकेबंदी कर रही है। उन्होंने बताया चरस तस्करी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा। वहीं, एसपी ने कहा कि दोनों को जेल में बंद कर दिया गया है। आगामी कार्रवाई की जा रही है।