Follow Us:

चंबा: डेढ़ किलो से अधिक चरस के साथ पंजाब के दो व्यक्ति गिरफ्तार, मामला दर्ज

|

नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत चंबा पुलिस टीम के हाथ एक और सफलता लगी है। पुलिस थाना तीसा की टीम ने 1 किलो 874 ग्राम चरस के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। चरस के साथ पकड़े गए आरोपियों की पहचान भुपिंद्र कुमार (44) पुत्र सुल्खन सिंह निवासी अमृतसर और लवकेश कुमार (35) पुत्र चमन लाल निवासी अमृतसर पंजाब के तौर पर हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार रविवार को पुलिस थाना तीसा की टीम ने कपाहड़ी मोड़ पर नाका लगा रखा था। इस दौरान पुलिस ने पंजाब नंबर की कार को चेकिंग के लिए रोका। कार में दो व्यक्ति सवार थे। चेकिंग के दौरान कार से उक्त मात्रा में चरस की खेप बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर चरस को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।