Follow Us:

चंडीगढ़: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दो बहनों की गला रेतकर हत्या

समाचार फर्स्ट डेस्क |

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कड़ी सुरक्षा के बावजूद चंडीगढ़ में दो बहनों की हत्या कर दी गई। एक के पेट में चाकू से वार किया गया जबकि दूसरी बहन की गर्दन काटकर उसे मौत के घाट उतार दिय गया। घटना शहर के बीचोंबीच स्थित सेक्टर-22 में पेश आई है। दोनों बहने यहां पीजी में रह रही थीं जिनकी पहचान राजवंत और और मनप्रीत कौर निवासी अबोहर पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखवा दिया है। लड़कियों के परिजनों को इसकी सूचना भेज दी गई है।

जानकारी के अनुसार दोनों बहनें जीरकपुर स्थित एक फैक्टरी में काम करती थीं। दोनों सेक्टर 22 के मकान नंबर 2598 में पिछले 4 सालों से बतौर पीजी रहती थी। गत देर रात उनके पीजी में कोई दाखिल हुआ और उसने दोनों की गला रेतकर हत्या कर दी। गला रेतने के साथ-साथ दोनों बहनों के शरीर पर तेजधार हथियार के काफी निशान हैं। सुबह परिजनों ने जब दोनों बहनों को बार-बार फोन किया तो उन्होंने उठाया नहीं। इसके बाद परिजनों ने चंडीगढ़ में रहने वाले अपने किसी रिश्तेदार को कॉल कर दोनों बहनों को देखने के लिए जाने के लिए कहा। जब वह रिश्तेदार उन्हें देखने के लिए पीजी गया तो दरवाजे पर बाहर से ताला लगा हुआ था।

उसे कुछ शक हुआ। वह ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुआ तो वहां का माहौल देखकर वह घबरा गया। अंदर दोनों बहनों के शव लहूलुहान अवस्था में पड़े थे। चारों तरफ खून फैला हुआ था। तब जाकर इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।