Follow Us:

कसौली के व्यक्ति की हत्या कर हरियाणा में दफनाया शव, आरोपी गिरफ्तार

पी. चंद |

हरियाणा के कैथल जिले के क्योड़क गांव में एक चौंका देने वाला मामला सामने आया है। पुलिस गांव में दफनाए एक शख्स का शव बरामद किया है। लाश को 12 फीटे के गड्ढे में दफनाया गया था। दरअसल शुक्रवार को हिमाचल के सोलन जिले के कसौली थाना पुलिस कैथल जिले के क्योड़क गांव में पहुंची। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर जाकर जेसीबी से गड्ढा खुदवाया और लाश को बाहर निकाला।

पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, यूपी के डिंडू खेड़ा का रहने वाला ऋषिपाल (मृतक) और कैथल के गांव क्योड़क का निवासी अजय  कसौली में तांत्रिक का काम करते थे। दोनों में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ तो अजय ने ऋषिपाल की हत्या कर दी और शव को क्योड़क गांव में 12 फीट गड्ढा खोदकर दफना दिया। बताया जा रहा है कि मृतक ऋषिपाल का ससुराल भी गांव क्योड़क में ही है। ऋषिपाल का अजय के घर आना जाना लगा रहता था और वहीं से दोनों की दोस्ती हुई थी।

10 दिन से लापता था ऋषिपाल

10 दिन पहले ऋषिपाल लापता हुआ तो परिवारवालों ने खोजबीन शुरू की। जिसके चलते हिमाचल के कसौली में गुमशुदगी का मामला दर्ज करवाया गया था। इसी के चलते हिमाचल पुलिस छानबीन कर रही थी। शक के आधार पर पुलिस ने अजय को हिरासत में लिया और सख्ती से पूछताछ की तो अजय ने हत्या की बात कुबूल कर ली। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने ऋषिपाल की हत्या कर शव गांव क्योड़क में अपने घर के आंगन में दफनाया हुआ है।