Follow Us:

नादौन बस स्टैंड पर एक व्यक्ति की चक्कर आने से मौत

कमल कृष्ण |

देर रात नादौन बस अड्डा के पास एक व्यक्ति को चक्कर आने पर जब उसे अस्पताल लाया गया तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। व्यक्ति की पहचान मिंटू कुमार 40 साल पुत्र पूर्ण चंद सुजानपुर निवासी के रुप में हुई है। जानकारी के अनुसार यह व्यक्ति भारतीय जीवन बीमा निगम में काम करता है। उसके दस्तावेजों में चंडीगढ़ के मनी माज़रा का पता भी मिला है।

लोगों ने बताया कि यह व्यक्ति नादौन बस अड्डा पर बस से उतरकर शौच के लिए गया था जहां वह अचानक नीचे गिर पड़ा। इसी दौरान आसपास उपस्थित लोगों ने सड़क पर जा रही एक कार को रोका और उसे नादौन अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर दामन ठाकुर ने बताया कि इस व्यक्ति की मौत अस्पताल लाने से पहले ही हो चुकी थी।

इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी एसआई केएस ठाकुर ने बताया कि व्यक्ति के परिजनों को सूचित करके शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीरपुर भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई का पता चल सकेगा।