Follow Us:

सांप के डसने से व्यक्ति की मौत

कमल कृष्ण |

हमीरपुर के अंतर्गत आले वाले भोरंज के पूर्व प्रधान बलवंत सिंह ठाकुर की सर्पदंश से मौत हो गई। बलवंत सिंह 44 साल पुत्र रूप सिंह निवासी चंबोह को 11 जून मंगलवार को देर शाम सांप ने डस लिया था। उस दिन वह शाम को अपने 13 साल के बेटे के साथ मंदिर में नई फसल का रोट चढ़ाने गए थे। जब वह घर लौट रहे थे तो रास्ते में सांप ने उन्हें डस दिया। इसके बाद वह और उनका बेटा दौड़े-दौड़े घर पहुंचे और परिजनों को बताया। परिजन उनको भोरंज के अस्पताल ले गए। भोरंज से उन्हें मेडिकल कालेज हमीरपुर रैफर कर दिया गया।

जब तबीयत ज्यादा बिगड़ने लगी तो उन्हें हमीरपुर से पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया। पीजीआई में वह दस दिन तक जिंदगी और मौत से जूझते रहे और शनिवार को बलवंत ने दम तोड़ दिया। बलवंत समाजसेवी थे और 2005 से 2010 तक चंबोह पंचायत के प्रधान बनकर उन्होंने लोगों की सेवा की है। वह हर वक्त लोगों की हर तरह की मदद करने के लिए तत्पर रहते थे। वर्तमान में वह भाजपा मंडल भोरंज के सचिव पद पर आसीन था। भोरंज भाजपा मंडल ने इनकी मृत्यु पर गहरा दुःख प्रकट किया है।