Follow Us:

पूर्व पति ने दोस्तों के साथ मिलकर किया महिला से गैंगरेप, फिर प्राइवेट पार्ट में डाली लकड़ी

समाचार फर्स्ट |

 झारखंड के जामताड़ा में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला के पूर्व पति ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर पहले महिला के साथ गैंगरेप किया फिर महिला के गुप्तांग में लकड़ी का डंडा डाल दिया। इससे महिला की दर्दनाक मौत हो गई।

पुलिस उपाधीक्षक बीएन सिंह ने बताया कि यह घटना जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के उदयपुर में हुई है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला के पूर्व पति उदय को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं इस मामले में शामिल उसके दो दोस्तों की तलाश की जा रही है।

बीएन सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि उक्त महिला पबिया में आयोजित काली पूजा के अवसर पर आयोजित संताली यात्रा देखने गई थी। जहां उसका पूर्व पति भी आया था। इस दौरान महिला का पूर्व पति जबरदस्ती महिला को उठाकर पास के खेत में ले गया जहां उसने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर पहले महिला के साथ गैंगरेप किया और फिर महिला के गुप्तांग में लकड़ी का डंडा डाल दिया। इससे महिला बेहोश हो गई थी। सुबह लोगों ने उसके कराहने की आवाज सुनकर उसे इलाज के लिए सीएचसी नारायणपुर में दाखिल कराया। वहां से उसे सदर अस्पताल जामताड़ा रेफर किया गया। परंतु सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
 
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला ने मौत से पूर्व स्थानीय लोगों को बताया कि उसके पूर्व पति ने ही उसके साथ इस घटना को अंजाम दिया और उसी ने दो अन्य दोस्तों के शामिल होने के बारे में जानकारी दी। इस संबंध में एसडीपीओ जामताड़ा बीएन सिंह ने अन्य पुलिस पदाधिकारी के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जब्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले में सख्त कार्रवाई करेगी।