Follow Us:

हमीरपुर: घर के आंगन की टंकी में गिरा 3 साल का बच्चा, मौत

नवनीत बत्ता |

हमीरपुर जिला के भोरंज थाना के तहत अवाहदेवी में एक 3 साल के बच्चे की पानी की टंकी में डूबने से मौत हो गई है। मामले में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है। मृतक बच्चे के माता पिता मूलतः उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं जो अवाहदेवी में किराए पर रह रहे थे।

पुलिस को दी जानकारी में मृतक बच्चे युवराज की मां ने कहा है कि रविवार देर शाम 6:00 बजे के करीब वह अपने किचन में खाना बना रही थी तो अचानक उसका बेटा गायब हो गया। जब उसने बेटे को पड़ोस और खेतों में तलाश किया तो उसका कहीं कुछ पता नहीं चला। इसके बाद महिला ने घटना की सूचना स्थानीय लोगों को दी। स्थानीय लोग भी मौके पर एकत्र हो गए और बच्चे को ढूंढने का प्रयास किया।

देर रात 9:00 बजे के करीब बच्चे का शव आंगन में ही बनी एक टंकी में बरामद हुआ। इसके बाद अवाहदेवी चौकी पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। मृतक की पहचान युवराज पुत्र अशोक शर्मा उर्फ गुड्डू गांव चिल्ली गामा जिला कुशीनगर उत्तरप्रदेश के रूप में हुई है। ये अश्वनी कुमार पुत्र रूप लाल के मकान में समीरपुर में रहता था। पुलिस घटना की 174 crpc के तहत कार्रवाई कर रही है। अवाहदेवी पुलिस चौकी इंचार्ज राजेश शर्मा ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है।