Follow Us:

हमीरपुर: करंट लगने से विद्युत कर्मचारी झुलसा, विभागीय लापरवाही का अंदेशा

कमल कृष्ण |

हमीरपुर के स्थानीय टपरे गांव में विद्युत लाइन की मरम्मत करते समय अचानक एक कर्मचारी को करंट लग गया। जिससे वह झुलसकर गंभीर रूप से घायल हो गया। टौणी देवी में प्राथमिक उपचार के बाद उसे हमीरपुर अस्पताल रैफर कर दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार विद्युत उपमंडल टौणी देवी में कार्यरत संगरोह गांव का टीमेट अमित कुमार टपरे गांव में कार्य कर रहा था। इस दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। घटना के बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

पंचायत प्रधान रजनीश कुमारी ने बताया कि गांव में बिजली बंद थी जिसे ठीक किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि किसी ने अचानक स्विच ऑन कर दिया जिससे कर्मचारी करंट से झुलस गया। विद्युत बोर्ड उपमंडल टौणी देवी के सहायक अभियंता सीएल शर्मा ने बताया कि कर्मचारी की हालत अब स्थिर है तथा वह खतरे से बाहर है। उसका हमीरपुर अस्पताल में उपचार चल रहा है। दुर्घटना के कारणों का पता जांच के बाद ही चलेगा।