Follow Us:

हमीरपुर: विद्युत सब स्टेशन के कंट्रोल रूम में धमाका, कनिष्ठ अभियंता समेत 3 कर्मचारी घायल

हमीरपुर: नादौन के गगाल में स्थित विद्युत सब स्टेशन में शनिवार देर रात को कंट्रोल रूम के एक भाग में ब्लास्ट हो जाने से कनिष्ठ अभियंता सहित 3 लोग झुलस गए।

जसबीर कुमार |

हमीरपुर: नादौन के गगाल में स्थित विद्युत सब स्टेशन में शनिवार देर रात को कंट्रोल रूम के एक भाग में ब्लास्ट हो जाने से कनिष्ठ अभियंता सहित 3 लोग झुलस गए। हादसे में कनिष्ठ अभियंता सुभाष चंद करीब 40फीसदी तक झुलस गए उनके चेहरे, बाजू और टांगों पर गंभीर चोटें आई हैं जबकि दो अन्य कर्मचारियों को भी चेहरे और शरीर के अन्य भागों पर चोटें आई हैं। तीनों कार्मचारियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

जानकारी के अनुसार शनिवार देर शाम बारिश और तूफान के कारण कंट्रोल रूम में कुछ समय के लिए सिस्टम के कंट्रोल पैनल 2 को बंद किया गया था। इसी दौरान इसकी जांच के लिए जब कनिष्ठ अभियंता सुभाष चंद और दो हेल्पर देशराज और शुभम मौका पर निरीक्षण के लिए पहुंचे। तभी अचानक कंट्रोल रूम में जोर से धमाका हो गया जिसकी फ्लैश लगने से यह तीनों कर्मचारी घायल हो गए। इनमें से कनिष्ठ अभियंता सुभाष चंद करीब 40फीसदी तक झुलस गए उनके चेहरे, बाजू और टांगों पर गंभीर चोटें आई हैं जबकि दो अन्य कर्मचारियों को भी चेहरे और शरीर के अन्य भागों पर चोटें आई हैं।

तीनों कर्मचारियों को आसपास के कर्मचारियों ने तुरंत नादौन अस्पताल पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद सुभाष चंद को टांडा रेफर कर दिया गया जबकि दो अन्य का उपचार चल रहा है। इस संबंध में विभाग के एसडीओ सुशील कुमार ने पुष्टि करते बताया कि कंट्रोल पैनल के एक भाग में धमाका हुआ है जिसकी रिपेयर चल रही है और इस दौरान 3 कर्मचारी घायल हो गए हैं। वहीं विद्युत बोर्ड एंप्लाइज यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप खरवाड़ा ने बताया कि धमाके का कारण आसमानी बिजली भी हो सकता है परंतु सच्चाई जांच के बाद ही सामने आ पाएगी।