Follow Us:

हमीरपुर: यहां चोरों के हौसले बुलंद, एक हफ्ते में दो घरों को बनाया निशाना

समाचार फर्स्ट |

जिला हमीरपुर की पंचायत सौर में चोरों ने पांच दिनों में चोरी की दूसरी वारदात को अंजाम दिया है। वीरवार रात नगर निगम शिमला के सुपरवाइजर रमेश चंद के घर चोरी हुई है। वारदात के समय परिवार का कोई सदस्य घर में मौजूद नहीं था। रमेश चंद परिवार सहित शिमला से अपने घर सौर आए थे और 16 नवंबर को वापस लौट गए थे। उनकी बेटी पूनम लता अपने मायके सौर पहुंची तो घर का दरवाजा खुला था। उसने इस बारे में पिता को बताया।

रमेश चंद साढे़ सात बजे के करीब घर पहुंचे तो एक कमरे के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो दोनों कमरों के अंदर सामान बिखरा हुआ था। अलमारी का दरवाजा भी खुला था और लॉकर भी टूटा हुआ था। उन्होंने तुरंत पुलिस चौकी भोटा को सूचना दी।

पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। घर से सोने की अंगुठी, तिल्ली, झांजर की जोड़ी, चांदी के क्लिप और कुछ नकदी गायब थी। सौर पंचायत में चोरी की वारदातें बढ़ने से लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

लोगों का कहना है पुलिस पहले हुई चोरी की वारदात का कोई सुराग नहीं लगा पाई है। इस कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने की मांग की है।