Follow Us:

हिमाचल: ऊना में पटाखा फैक्ट्री में भड़की आग, 7 लोगों की मौत, कई झुलसे

|

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में बड़ा हादसा पेश आया है। यहां टाहलीवाल स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से करीब 7 लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है जबकि 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलसे हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। फैक्ट्री में आग लगने के बाद कुछ कर्मचारी बाहर निकलने में सफल रहे लेकिन कई लोग आग की चपेट में आ गए हैं। हादसे के शिकार हुए लोगों में ज्यादातर महिलाएं हैं।

बताया जा रहा है कि जिस समय ये हादसा पेश आया है उस समय कई लोग फैक्ट्री के अंदर काम कर रहे थे जिसमें से काफी लोग झुलस गए हैं। मृतकों की अभी पहचान नहीं हो पाई है। हालांकि आग पर काबू पाया जा चुका है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। वहीं, हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन घटना स्थल पर पहुंच चुका है। राहत और बचाव का कार्य जारी है। सभी लोगों को फैक्ट्री से बाहर निकाल लिया गया है।

घटना की पुष्टि करते हुए एसपी ऊना अर्जित सेन ने बताया कि टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र बाथरी के पास गुरपला में एक पटाखा पैकिंग फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली है। पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है। हादसे में करीब 7 लोगों की मौत हो गई है और करीब 12 लोग झुलसे हैं जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।