Follow Us:

कांगड़ा में इन जगहों पर हुआ लैंडस्लाइड, मकान बहे-घंटों लगा जाम

डेस्क |

प्रदेश में भारी बारिश का क़हर लगातार जारी है। शनिवार देर रात को भारी बारिश के चलते कांगड़ा के शाहपुर में भयंकर लैंडस्लाइड हुआ। यहां नेरटी गांव में हुए भूस्खलन से एक मकान और 6 गो-शालाएं ढह गईं जिनमें कई बेजुबान मलबे में दब गए हैं। फिलहाल, मकान में रह रहे लोगों ने भाग कर अपनी जान बचा ली, लेकिन पशु मलबे में दब गए।

जानकारी के मुताबिक, देर रात जब लैंडस्लाइड हुए तब सभी अपने घर पर सोने की तैयारी में थे कि अचानक लैंडस्लाइड हुआ और इससे पहले की लोग कुछ कर पाते अचानक मलबा पहले सड़क पर गिरा और उसके बाद नीचे बने घरों और गो-शालाओं की अपनी चपेट में ले लिया। रविवार सुबह प्रशासन मौके का जायजा लेने दुर्घटना स्थल पर पहुंचा और जानवारों को निकालने का काम भी जारी है।

वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां सात माह पहले लगाया गया डंगा भी पूरी तरह गिरने की काग़ार पर है। प्रशासन को इसकी जानकारी भी है लेकिन समय रहते कोई सावधानी नहीं बरती जा रही है।

कांगड़ा बाइपास में लैंडस्लाइड

उधर, कांगड़ा बाईपास में पुराना कांगडा के पास भी रविवार को लैंडस्लाइड हुआ। हालांकि, लैंडस्लाइड इतना ज्यादा नहीं था, लेकिन लग़ातार पत्थर ग़िरने से दोनों ओर भारी जाम लग गया और घंटों जाम लगा रहा। बताया जा रहा है कि यहां लैंडस्लाइड होने से कई जगह के रूटों में देरी हुई। मौके पर पुलिस प्रशासन भी मौजूद रहा और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही।