Follow Us:

मंडी: 65 किलो अफीम डोडा और 98 किलो नागछतरी के साथ 3 गिरफ्तार

बीरबल शर्मा |

मंडी के औट थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में 65 किलो अफीम डोडा और 98 किलो नागछतरी को बरामद किया है। इन मामलों के तहत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार बीती रात को औट थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ संदली मोड़ के पास गश्त पर थे। इतने में कुल्लू की तरफ से आई कार नंबर DC 2C AE 0210 तेज रफ्तार के साथ आई। इसमें सवार दो लोग पुलिस को देखकर गाड़ी को मौके पर छोड़कर ब्यास नदी की तरफ भाग गए।

पुलिस ने रात भर इन लोगों की तलाश जारी रखी और सुबह के समय दोनों को नदी किनारे से हिरासत में ले लिया। इसके बाद इन्हें गाड़ी के पास लाया गया और उसकी तलाशी ली गई। कार से पुलिस को 65 किलो 720 ग्राम अफीम डोडा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पकड़े गए आरोपियों में 50 वर्षीय भोला सिंह और 35 वर्षीय जसविंदर सिंह शामिल हैं। यह दोनों ही पंजाब के लुधिायाना के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

वहीं, दूसरे मामले में औट थाना के ASI आल्मगिरी अपनी टीम के साथ बनाला के पास नाके पर मौजूद थे। नाके पर इन्होंने कार नंबर UP 14 BX 6443 को चैकिंग के लिए रोका तो उसमें से 98 किलो नागछतरी बरामद की गई। इस मामले में 41 वर्षीय श्याम बहादुर को फॉरेस्ट एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी यूपी के गौतम बुद्ध नगर जिले का रहने वाल बताया जा रहा है। एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने दोनों मामलों की पुष्टि की है।