Follow Us:

कांगड़ा: संदिग्ध हालातों में मिला महिला का शव, रेप के बाद मर्डर की आशंका

बिट्टू सूर्यवंशी |

हिमाचल में अपराधों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक के बाद एक प्रदेश में ऐसी घिनौनी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिसका हल न पुलिस निकाल पा रही है और सरकारों के पास। यहां तक कि पुलिस प्रशासन और सरकार हेल्पलाइन्स़ नंबर, महिला सुरक्षा की बात तो करते हैं, लेकिन ये सिर्फ महिलाओं के नाम राजनैतिक पैंतरे ही नज़र आते हैं। क्योंकि न तो इनसे अपराधों पर लगाम लग रही है और न ही प्रदेश में अपराध थम रहा है।

इसी कड़ी में कांगड़ा के शाहपुर के साथ लगते रेहलू गांव में अधेड़ महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। महिला के शरीर पर काफी चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि महिला की रेप के बाद हत्या की गई है। जानकारी के मुताबिक, रेहलू गांव की मृतका सहानी देवी देर शाम आग जलाने के लिए लकड़ियां लाने गई थीं। उसका पति बीमार था और जब रात हो जाने पर भी वे न लौटी तो ग्रामीणों ने अपने स्तर पर जांच शुरू की।

इसके बाद लोगों ने पुलिस को आगाह किया और देर रात करीब 3 बजे शव संदिग्ध हालातों में खड्ड में पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामला दर्ज जांच शुरू कर दी। मौके पर पहुंचे एसपी कांगड़ा संतोष पटियाल ने कहा कि धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद असली कारणों का पता चल पाएगा।

वहीं, पंचायत प्रधान का कहना है कि महिला की उम्र करीब 55 साल है और वे शाम को लकड़ियां या पत्ते तोड़ने गई थी, उसके बाद से लौटी ही नहीं। देर रात उनका शव संदिग्ध हालात में मिला है।