Follow Us:

हिमाचल: महिलाओं से भरी पिकअप हादसे का शिकार, 2 की मौत, दर्जनों घायल

डेस्क |

चंबा जिला में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। यहां पुलिस थाना चुवाड़ी के तहत एक पिकअप खाई में गिरने से करीब 2 महिलाओं की मौत हो गई है, जबकी 25 लोग घायल हुए हैं। घायलों में अधिकतर महिलाएं हैं। घायलों को इलाज के लिए चुवाड़ी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हादसा सुबह 11 बजे के करीब भराड़ी के पास सरोग नाला में पेस आया है। अभी घायलों और मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है।

जानकारी के अनुसार हादसे के समय पिकअप में 30 के करीब लोग सवार थे। ये सभी लोग सरैयां गांव में शोक सभा में शामिल होने जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों औऱ पुलिस ने राहत बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को खाई से निकालकर चुवाड़ी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को चंबा और टांडा रेफर किया जा रहा है।

CM जयराम ने जताया दुख

चुवाड़ी में हुए हादसे को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दुख जताया है। उन्होंने भगवान से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। मुख्यमंत्री ने लिखा, “चंबा जिला के चुवाड़ी में हुए दर्दनाक हादसे की खबर सुनकर बहुत दुखी हूं। हादसे में 2 लोगों की मौत और 25 लोग घायल हुए हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं की श्री चरणों में स्थान दें और शोकग्रस्त परिवार को इस असहनीय दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। स्थानीय प्रशासन फौरी राहत कार्य में जुट गया है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है। घायलों को स्वास्थ्य लाभ शीघ्र प्राप्त हो, ईश्वर से कामना करता हूं।”