Follow Us:

जोगिंद्रनगर: नाके के दौरान 6 किलो चरस और 413 ग्राम अफीम सहित 2 गिरफ्तार

मनोज धीमान |

नशे के काले कारोबारियों को पकड़ने में जोगिंद्रनगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। जोगिंद्रनगर थाना पुलिस की एक टीम ने बीती रात थाना प्रभारी संदीप शर्मा की अगुवाई में गलूं नामक स्थान के पास नाका लगा रखा था। इसी रास्ते से एक आल्टो कार में चरस और अफीम की भारी भरकम खेप आल्टो कार में ले जाई जा रही थी। कार को एक स्कार्पियो एसकॉर्ट कर रही थी। स्कार्पियो में भी दो लोग सवार थे और कार में भी।
 
लेकिन जैसे ही यह स्कार्पियो पुलिस द्वारा लगाए गए नाके के पास पहुंची तो पुलिस ने इसे जांच के लिए रोक दिया। अभी इनकी जांच चल ही रही थी कि इतने में पीछे से आल्टो कार ( HP-01C-0612) भी नाके के पास आ पहुंची। स्कार्पियो में बैठे दोनों लोगों को आल्टो कार वाले लोगों को सूचना देने का मौका ही नहीं मिला। पुलिस को स्कार्पियो (54B 3622) में कुछ नहीं मिला और आल्टो कार की तलाशी शुरू कर दी। इतने में स्कार्पियो वाले मौका देखकर वहां से फरार हो गए।

आल्टो कार की तलाशी के दौरान उसमें से 6 किलो 342 ग्राम चरस और 413 ग्राम अफीम बरामद की गई। कार चला रहे तुले सिंह पुत्र प्रेम सिंह गांव बनाल डाकघर पलाहच तहसील बंजार जिला कुल्लू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और दूसरा फरार हो गया। पुलिस ने तुरंत थाना को इसकी सूचना दी और आगे नाकेबंदी करवाई। चौंतड़ा के पास इस स्कार्पियो को भी पकड़ लिया गया। स्कार्पियो के चालक सतीश सिंह पुत्र किशोर सिंह गांव धानपटन डाकघर मतलाहर तहसील जवाली जिला कांगड़ा को पुलिस ने गिरफ्तार किया जबकि राम सिंह निवासी मनून, पलाच बंजार व तनू निवासी मनून, पलाच, बंजार मौके से फरार हो गए।

डीएसपी पधर मदनकांत शर्मा ने बताया कि नशे की खेप को ले जाने के लिए तस्करों ने जो प्लान बनाया था उसमें वह कामयाब नहीं हो पाए और पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि फरार आरोपी की तलाश जारी है और उसे भी जल्द ही सलाखों के पीछे पहुंचा दिया जाएगा।