Follow Us:

कांगड़ा: ट्रेन की आवाज सुनकर पुल से गिरी ड्यूटी पर जा रही आशा वर्कर, मौके पर हुई मौत

मृत्युंजय पुरी |

पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेल मार्ग पर गुलेर और लुणसू रेलवे स्टेशन के बीच एक महिला की पुल से गिरने से मौत हो गई है। महिला की पहचान सुमना देवी 35 निवासी धंगड़ के रूप में हुई है। महिला आशा वर्कर थी। बताया जा रहा है कि सुमना देवी ड्यूटी के लिए रेलवे ट्रैक से पैदल गुलेर की तरफ जा रही थी। वह जब रेलवे पुल को पार कर रही थी तो सामने से अचानक ट्रेन आ गई। ट्रेन को आते देख व उसका हॉर्न सुनकर महिला घबरा गई और पैर फिसलने से लोहजंग पुल से करीब 90 फीट गहरे नाले में जा गिरी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मामले की जानकारी लोगों ने पंचायत प्रधान धंगड़ को दी। प्रधान ने रेलवे पुलिस थाना कांगड़ा में सूचित किया। सूचना मिलने के बाद रेलवे पुलिस थाना कांगड़ा से टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। महिला एक गरीब परिवार से संबंधित है। महिला का पति मजदूरी करता है और महिला आशा वर्कर लगी हुई थी। इससे ही परिवार का गुजर बसर चलता था। महिला के दो बच्चे हैं, जोकि अभी छोटे हैं। इस हादसे से महिला के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बच्चों को जल्द लौटने का कह कर ड्यूटी के लिए निकली महिला अब कभी घर लौट नहीं सकेगी। लौटी भी तो महिला का शव। लोगों ने हिमाचल सरकार व रेलवे विभाग से मांग की है कि गरीब परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। 

बता दें कि कोरोना के चलते लंबे अरसे के बाद अभी कुछ दिन पहले ही पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की छुकछुक शुरू हुई है। करीब चार दिन बाद ही यह हादसा पेश आ गया है। रेलवे पुलिस थाना कांगड़ा ने महिला के पुल से गिरने पर मौत की पुष्टि की है।