Follow Us:

कांगड़ा: फतेहपुर में सड़क किनारे पड़ा मिला व्यक्ति का शव, वाहन द्वारा कुचले जाने की आशंका

मृत्युंजय पुरी |

पुलिस थाना फ़तेहपुर के तहत पड़ते गांव लोह के लिंक रोड पर बुधवार सुबह एक शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान संसार सिंह उम्र करीब 60 साल पुत्र धर्म सिंह निवासी गांव गुब्बर पंचायत बगडोली हौरी देवी के तौर पर हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार बुधवार सुबर सैर पर निकले कुछ स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे एक शव पड़ा देखा। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पंचायत उपप्रधान को दी। सूचना मिलते ही उप प्रधान ने मौके पर पुंचकर पुलिस को घटना के संबंध में सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची औऱ शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू की।

मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी नूरपुर सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि व्यक्ति की मौत किसी अज्ञात वाहन द्वारा कुचले जाने से हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया जाएगा।