Follow Us:

UPDATE: भूस्खलन से तीन गौशालाएं धंसी, 10 मकानों पर मंडराया खतरा

समाचार फर्स्ट डेस्क |

 शाहपुर के लाहड़ी गांव में लगातार बारिश के चलते भूस्खलन हुआ है। इसकी चपेट में आने से तीन गौशालाएं जमीन में धंस गई हैं। इसमें किसी की जान को नुकसान नहीं हुआ है। लेकिन, इस लैंडस्लाइडिंग से गांव के 10 मकानों पर खतरा मंडराना शुरू हो गया है। इसके कारण इनमें रहने वाले लोगों से मकान खाली करवा दिए गए हैं और लोगों को उनके रिश्तेदारों के पास रहने को कहा गया है, जब तक खतरा टल नहीं जाता।

हादसे से पहले ही गौशालाओं में बंधे पशुओं को बाहर निकाल लिया गया था, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। बता दें कि सोमवार रात से रुक रुक कर बारिश होने का सिलसिला जारी है। क्षेत्र में पिछले साल भी भूस्खलन हुआ था और इस बार बरसात शुरू होने के साथ ही एक बार फिर भूस्खलन से लोग सहम गए हैं। लोगों ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।

इस बारे में SDM शाहपुर जगन ठाकुर ने बताया कि तीनों गौशालाओं में हुए नुकसान का जायजा लिया जा रहा है। प्रशासन की तरफ से लोगों को नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाएगा। इसके अलावा जो मकान खतरे की जद में हैं उन्हें खाली करवा दिया गया है, ताकि कोई अनहोनी न हो।