Follow Us:

भर्ती की तैयारी के लिए दौड़ लगा रहे युवक पर तेंदुए ने किया हमला

नवनीत बत्ता |

सरकाघाट की ब्लड़वाड़ा तहसील के खुड़ला गांव में बुधवार सुबह 2 युवक दौड़ लगाने निकले थे। इसी बीच आदमखोर तेंदुए ने एक युवक पर हमला कर दिया। तेंदुए के हमले से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ब्लड़वाड़ा ले जाया गया जहां से युवक के परिजनों को घटना की सूचना दी गई। ब्लड़वाड़ा अस्पताल में डयूटी पर तैनात डॉक्टर ने युवक की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जोनल अस्पताल हमीरपुर रेफर कर दिया है।

जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह दो युवक भर्ती की तैयारी के लिए सुबह पांच बजे सड़क पर दौड़ लगा रहे थे कि अचानक उनपर एक तेंदुए ने हमला कर दिया। दोनों युवकों में से एक तो तेंदुए की झपट से बच गया लेकिन दूसरे 18 वर्षीय युवक अभिषेक पुत्र दयाराम को तेंदुए ने अपनी पकड़ में ले लिया। इसके बाद युवक और तेंदुआ आपस में गुथमगुथा हो गए जिससे तेंदुए ने अभिषेक को बुरी तरह से घायल कर दिया।

 इस दौरान दूसरे युवक द्वारा शोर मचाने पर आसपास के घरों के लोग अपने हाथों में लाठियां लेकर सड़क में घायल युवक और तेंदुए की और दौड़ पड़े। लोगों ने मौके पर पहुंचकर युवक को तेंदुए की पकड़ से छुड़ाया। मामले की पुष्टि करते हुए हटली चौकी प्रभारी लाल सिंह ने कहा कि पुलिस ने घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।