Follow Us:

मंडी: ट्रैक्टर से बाइक की टक्कर, CMO कार्यालय में तैनात 32 वर्षीय युवक की मौत

बीरबल शर्मा |

मुख्य चिकित्सा अधिकारी मंडी के कार्यालय में तैनात सांख्यिकी सहायक 32 वर्षीय अजीत कुमार की बाइक दुर्घटना में मौत हो गई। इससे स्वास्थ्य विभाग में शोक की लहर छा गई है। मिली जानकारी के अनुसार अजीत कुमार पुत्र सुंदर सिंह गांव जरल जुगाहण जब बुधवार को अपने घर से मंडी कार्यालय आ रहा था तो स्योहली के पास उसकी  बाइक एचपी 31 ए -6769 को एक तेज रफ्तारी ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। इस कारण से वह बुरी तरह से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जोनल अस्पताल मंडी ले जाया गया था जहां से हालत गंभीर होने पर उसे आईजीएमसी शिमला रैफर कर दिया गया। आज वीरवार को उसकी मौत हो गई। बल्ह थाना पुलिस ने टै्क्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया गया।

अजीत सिंह के इस तरह युवावस्था में ही मौत का शिकार हो जाने पर स्वास्थ्य विभाग कर्मचारी महासंघ के प्रधान अमरजीत शर्मा,वरिष्ठ उपप्रधान गोपाल ठाकुर, महासचिव ब्यासा शर्मा सहित सभी स्वास्थ्य कर्मियों एवं पदाधिकारियों ने गहरा दुख प्रकट किया है। प्रधान अमरजीत शर्मा ने बताया कि अजीत कुमार बहुत ही नेक कर्मचारी था। वह अपने काम के प्रति वफादार था तथा मिलनसार व्यक्ति था। उन्होंने कहा कि उनके निधन से विभागीय कर्मी शोकग्रस्त हैं तथा उन्हें गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने उसके परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं जताई हैं।