सरकाघाट उपमंडल के इलाका भदरोता के थौना गांव में एक पिकअप हादसे का शिकार हो गई। हादसे में 4 महिलाओं की मौत हो गई जबकि चालक सहित 3 अन्य घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हादसे के समय पिकअप में चालक सहित कुल 7 लोग सवार थे। मृतकों की पहचान झांसी देवी पत्नी दामोदर, दामोदरी देवी पत्नी बंशी राम, सरला देवी पत्नी लालू राम, कमली देवी पत्नी लुदर सिंह के रूप में हुई है। जबकि घायलों में अच्छरू राम पुत्र बुधू ,सरला देवी पत्नी रोशन लाल और चालक हैं। पुलिस ने घटना का मामला दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को जिला मुख्यालय से लगभग 45 किलोमीटर दूर सरकारघाट उपमंडल के भदरोता इलाके में दोपहर लगभग 1 बजे मुहाल गैहरा के घलयात गांव के लोग डिपो से राशन लेकर एक पिकअप गाड़ी एचपी 65-4509 में सवार होकर घर वापस लौट रहे थे। इसी बीच थौना मोड़ के पास चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी कई फीट नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के समय गाड़ी में चालक सहित सात लोग सवार थे। इनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो ने बाद में दम तोड़ा। मरने वालों व घायलों में सभी गांव घलयात, तहसील सरकाघाट जिला मंडी के हैं।
मामले की पुष्टि करते हुए कार्यालय कानूनगो रविकांत ने बताया कि मृतक के हर परिवार को 20-20 हजार रूपए फौरी राहत के तौर पर दिए गए हैं। इस दुर्घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। पुलिस थाना सरकाघाट ने मौके पर पहुंच कर शवों को अपने कब्जे में लेकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज करके दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।



