Follow Us:

सरकाघाट: तेजधार हथियार से महिला की हत्या, गौशाला में मिला शव

समाचार फर्स्ट |

जिला मंडी के सरकाघाट में नाला रा गैहरा गांव में शुक्रवार रात एक विवाहित महिला की हत्या हो गई है। महिला का शव गौशाला से बरामद किया गया है। महिला के गले पर किसी तेजधार हथियार से वार के निशान थे। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक सविता देवी (32) अपनी गौशाला में पशुओं से दूध निकालने और रात का चारा डालने के लिए गई थी।

लेकिन, जब महिला रात के आठ बजे तक घर नहीं पहुंची तो महिला का पति और देवर उसको ढूंढ़ने निकल पड़े। वे उसे ढूंढते हुए गौशाला में गए, जहां उन्होंने देखा कि अंदर कमरे में सविता मृत पड़ी थी और उसकी गर्दन से किसी औजार के काटने से खून निकला हुआ था।

बताया जा रहा है कि महिला का एक देवर भी रात से ही फरार है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि देवर ने ही इस वारदात को अंजाम दिया है। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी कर्ण गुलेरिया पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और सारी स्थिति का जायजा लेकर अनजान व्यक्ति के विरुद्ध आईपीसी की धारा 302 और 201 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।