Follow Us:

दंतेवाड़ा में नक्सली हमला, 2 जवान शहीद, 1 पत्रकार की मौत

समाचार फर्स्ट |

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में मंगलवार सुबह नक्सलियों ने बड़े हमले को अंजाम दिया है। नक्सलियों ने दंतेवाड़ा के आरनपुर में दूरदर्शन की टीम और जवानों को निशाना बनाकर हमला किया। नक्सली हमले में 2 जवान शहीद हो गए, वहीं हमले में एक टीवी पत्रकार की भी मौत हुई है।

जानकारी के अनुसार अरनपुर इलाके में जिला पुलिस बल के जवान सर्चिंग के लिए निकले थे। डीडी न्यूज की तीन सदस्यीय टीम भी जवानों के साथ निकली थी। इसी दौरान निलावाया इलाके में घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में जिला पुलिस बल के दो जवान घायल हो गए हैं। नक्सली हमले में एसआई रुद्र प्रताप और असिस्टेंट कांस्टेबल मंगलू शहीद हो गए हैं। कांस्टेबल विष्णु नेताम और असिस्टेंट कांस्टेबल राकेश कौशल घायल हो गए हैं।

मामले की पुष्टि करते हुए डीआईजी पी सुंदरराज ने बताया कि आरनपुर में नक्सलियों ने घात लगाकर हमारे गश्ती दल पर हमला किया। इस हमले में हमारे दो जवान शहीद हो गए जबकि हमले में घायल दूरदर्शन के पत्रकार ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। इस हमले में दो और लोग घायल हुए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त बल मौके के लिए रवाना कर दिया गया है। मुठभेड़ की सूचना के बाद पुलिस के आला अधिकारी भी मौके के लिए रवाना हो गए हैं।