Follow Us:

नेरवा: गहरी खाई में गिरी कार, 1 की मौके पर मौत 1 घायल

समाचार फर्स्ट |

उपमंडल चौपाल के नेरवा में एक कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान वीर सिंह (56) जबकि हादसे में घायल व्यक्ति की पहचान मनीष कुमार (25) के रूप में हुई है। हादसा शनिवार को पेश आया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची।

जानकारी के अनुसार नेरवा से करीब 8 किलोमीटर दूर फेडीज पुल से नेरवा की ओर आ रही एक ऑल्टो कार करीब 200 मीटर गहरी खाई में लुढ़क गई। हादसे के समय कार में 2 व्यक्ति सवार थे, जिसमें से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और एक अन्य को गहरी चोटें आई हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से शव को खाई से बाहर निकला। घायल को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल नेरवा पहुंचाया गया। जहां उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद आईजीएमसी रेफर कर दिया गया।

मामले की पुष्टि करते हुए नेरवा थाना प्रभारी कुलवंत कौर ने बताया कि पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। शव का सिविल अस्पताल नेरवा में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।