Follow Us:

ऊना: बाइक हादसे में नया खुलासा, ट्रक चालक ने इस बजह से मारी बाइक सवार को टक्कर

रविंद्र, ऊना |

ऊना के बहड़ाला में ट्रक द्वारा रौंदे गए बाइक सवार चार युवकों के मामले में नया खुलासा सामने आया है। नशे और पैसे के लेनदेन को लेकर हुई मारपीट के बाद गुस्साएं संजीव कुमार निवासी बहड़ाला ने ट्रक बाइक सवार पांच युवकों पर चढ़ा दिया। इसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रिंस पुत्र मुलराज निवासी चताड़ा के रूप में हुई है। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि मृतक प्रिंस और आरोपी संजीव कुमार दोनों पर पहले ही चिट्टे के मामले दर्ज हुए हैं। पुलिस ने हत्या के आरोप में सजीव कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले में गहनता से जांच कर रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वीरवार दोपहर बाद चताड़ा निवासी प्रिंस अपने तीन दोस्तों राकेश, साहिल व लक्खा के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर बहडाला स्थित संजीव के घर पहुंचा। जहां पर संजीव अपने दोस्त गौरू और सुमित कुमार के साथ ट्रक में बैठा हुआ था। पैसे के लेनदेन को लेकर प्रिंस ने संजीव कुमार को ट्रक से नीचे उतरने के लिए कहा, लेकिन संजीव ट्रक से नीचे नहीं उतरे। इस पर प्रिंस व साथियों ने ट्रक के शीशे तोड़ दिए। इस पर ट्रक सवार संजीव के दोस्त गौरू और सुमित कुमार नीचे उतरे और दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। बहस के बाद हुई मारपीट में तेजधार हथियार भी चले। हमला करने के बाद प्रिंस अपने साथियों के साथ बाईक पर सवार होकर बहड़ाला की ओर भागने लगा। इस पर संजीव भी ट्रक लेकर हमलावरों के पीछे लग गया।

कुछ दूरी पहुंचने पर सनशाइन होटल के समीप संजीव ने दोनों बाईक पर ट्रक चढ़ा दिया। हादसे में बाईक पर सवार प्रिंस की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हादसे में घायल राकेश, साहिल व लक्खा को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया गया, जहां से एक को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। वहीं फरार ट्रक चालक संजीव को पुलिस ने मैहतपुर में काबू कर लिया। पुलिस ने संजीव कुमार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दिया। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि मृतक प्रिंस व संजीव कुमार के खिलाफ पहले ही नशे को लेकर मामले दर्ज है और इस बार भी हत्या नशे व पैसे के लेनदेन को लेकर हुई है।

मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी विनोद धीमान ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस ने संजीव कुमार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।