नई दिल्ली के भारतनगर इलाके से एक बड़ी घटना सामने आई है जिसमें रिश्तों की मर्यादा को तार तार किया गया है। बताया गया है कि हैवानियत का विरोध करने पर देवर ने महिला पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और उसे दूसरी मंजिल से नीचे फेंकने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार 28 वर्षीय महिला अपने पति के साथ भारत नगर इलाके में रहती है। उसका 24 वर्षीय देवर पड़ोस में रहता है। महिला का आरोप है कि पति के घर पर नहीं रहने के दौरान उसका देवर संबंध बनाने की कोशिश करता था। इस बात की जानकारी उसने अपने पति को दे दी। पति ने देवर को गांव भेज दिया था। इन दिनों महिला का पति दिल्ली से बाहर गए हुए हैं। रविवार को आरोपी महिला के घर में घुस गया और पति से शिकायत करने को लेकर महिला से कहासुनी करने लगा।
महिला के विरोध करने पर आरोपी ने चाकू से उसके चेहरे और सिर पर वार कर दिए। आरोपी ने महिला को जख्मी करने के बाद दूसरी मंजिल स्थित कमरे के खिड़की से नीचे फेंकने की कोशिश की, लेकिन महिला ने बाहर लगे कूलर के स्टैंड को पकड़ लिया और उसी पर झूल गई।
महिला के चिल्लाने की आवाज सुन साथ वाले घर में रहने वाले युवकों ने महिला की मदद की और उसे पकड़ लिया। उसके बाद युवकों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। उधर, मौके पर भीड़ जमा होते देख युवक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।



