पालमपुर की नगरी पंचायत के भसमेहड़ गांव में युवक की हत्या के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पुलिस ने आरोपी को पालमपुर के स्थानीय जंगल से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जतरू पाइक निवासी झारखंड के रूप में हुई है। जतरू पाइक ने पुलिस के सामने हत्या की बात कबूल ली है। पुलिस ने आरोपी को दोपहर ढाई बजे के करीब घटनास्थल पर ले जाकर निशानदेही की । इस दौरान आरोपित ने कबूल कर लिया कि उसने तीन बार इसे दराट से मारा और उसके बाद एक बड़ा पत्थर उठाकर उसके सिर पर दे मारा था।
बता दें कि मंगलवार रात करीब 9 बजे के आसपास किसी मामूली बात पर दिहाड़ीदार अशोक वालिया और झारखंड निवासी चतरू के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि जतरू ने दराट से अशोक के सिर के पीछे तीन प्रहार कर दिए, इसके बाद भी जब जतरू को लगा की अशोक अभी जिंदा है तो एक बड़ा पत्थर उसके सिर पर दे मारा। इस दौरान एक महिला भी जतरू के घर में मौजूद थी। इस सबके बीत जाने के बाद रजेहड़ निवासी तिलक राज जब वहां पहुंचा तो उसने अशोक के सिर से खून बहता देखा तो दंग रह गया। ऐसे में जतरू ने तिलक राज को भी जान से मारने की धमकी दी, जिसे सुन तिलक राज भाग खड़ा हुआ और उसने तुरंत फ़ोन कर एंबुलेंस बुला ली।
.jpeg)
एंबुलेंस को घटना स्थल तक पहुंचने में समय लग गया, क्योंकि ये जगह गांव से ऊपर चाय बगीचे के समीप है। एंबुलेंस वहां पहुंचती की जतरू और महिला वहां से फरार हो चुके थे। मौके पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अशोक वालिया को मृत पाया और थोड़ी ही देर में पालमपुर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। रातभर पुलिस कर्मी, स्थानीय पंचायत के उपप्रधान चंचल कुमार, मृतक का बेटा निखिल वालिया व अन्य स्थानीय लोग घटना स्थल पर मौजूद थे।
सुबह होते होते गांववासियों का आना-जाना घटनास्थल पर लगा रहा। सुबह करीब 11 बजे डॉक्टर एसके पॉल के नेतृत्व में फॉरेंसिक टीम धर्मशाला से घटनास्थल पर पहुंची व जांच में जुट गई। ऐसे में उन्होंने पाया कि अशोक वालिया की मौत सिर पर पीछे की तरफ लगातार तेजधार हथियार से वार करने से हुई है। 12 बजे के करीब डीएसपी पालमपुर अमित शर्मा भी मौके पर पहुंचे और जानकारी दी की इस मर्डर केस का आरोपित जतरू पास के स्थानीय जंगल से पालमपुर पुलिस की टीम ने पकड़ लिया था।
.jpeg)



