Follow Us:

मंडी: पालतू कुत्ते ने मालिक की 10 महीने की बच्ची को मार डाला

समाचार फर्स्ट डेस्क |

सरकाघाट उपमंडल की मसेरन पंचायत के रसेहड़ गांव में एक पालतू कुत्ते ने अपने ही मालिक की 10 महीने की नवजात बच्ची को नोच डाला। जानकारी के अनुसार शशिपाल की दस महीने की बच्ची सुबह के करीब 8:30 बजे अपने घर के बरामदे में खेल रही थी। उसकी 22 वर्षीय मां लीला देवी ने बेटी वैष्णवी को दूध पिलाने के बाद घर के बरामदे में खेलने के लिए छोड़ दिया था। खुद कपड़े धोने लग गई थी। बरामदे के एक कोने में खूंखार पालतू कुत्ता भी बंधा हुआ था।

दस महीने की बच्ची घुटनों के बल चलती हुए धीरे-धीरे से कुत्ते के निकट पँहुच गई। इसके बाद कुत्ते ने बच्ची को झपटा मार कर अपनी तरफ खींच लिया। सिर पर काटकर बुरी तरह से घायल करने के बाद नोचना शुरू कर दिया। माँ के देखने से पहले कुत्ते ने मासूम बच्ची को बुरी तरह से जख्मी कर दिया। हादसे के समय नवजात का पिता घर पर नहीं था। लीला देवी के चिल्लाने पर लोग इकट्टा हो गए। फ़ौरन ही मासूम को नागरिक अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया।     

अस्पताल के डॉक्टर ने पुलिस को घटना बारे सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने अस्पताल में आकर बच्ची के शव को कब्जे में ले लिया। डीएसपी चन्द्रपाल सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमोर्टेम करवाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि कुत्ता पहले भी चार लोगो को काट चुका है।