Follow Us:

चलती ट्रेन में दिल्ली की लड़की से रेप, पैंट्री कार का मैनेजर आरोपी

डेस्क |

पुरानी दिल्ली में रहने वाली लड़की के साथ चलती ट्रेन में रेप का मामला सामने आया है। यह घटना ट्रेन यशवंतपुर निजामुद्दीन संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (12629) में हुई। लड़की 9 फरवरी को दिल्ली से मुंबई पहुंची थी। वहां लोगों ने कहा, मुंबई अच्छा नहीं है। यहां लड़कियों को बेच देते हैं। इसके बाद वह ट्रेन से वापस दिल्ली आ रही थी ।

रास्ते में एक आदमी ने उसे कहा कि जनरल डिब्बे में सीट खाली है। जाकर सो जाओ। वह आदमी जबरन लड़की को बोगी की तरफ ले गया। कैंटीन वाले डिब्बे के पास ले जाकर बोला कि यहीं गेट के पास सो जाओ। थोड़ी देर बाद वही आदमी वापस आकर कैंटीन वाले डिब्बे (पैंट्री कार) में ले गया और उसके साथ गलत काम किया। चिल्लाने पर तीन-चार चांटे मारे। धमकी दी कि किसी को बताया तो ट्रेन से धक्का देकर मार डालूंगा।

युवती के साथ कर्नाटक-हजरत निजामुद्दीन संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में वारदात हुई है। घटना शुक्रवार रात को हरदा-इटारसी के बीच की है। आरोपी पैंट्री कार का मैनेजर बताया जा रहा है। GRP ने पैंट्री कार के कुछ कर्मचारियों को हिरासत में लिया है।

पुलिस को जानकारी मिली कि युवती से दुष्कर्म करने वाला आरोपी कैंटीन का मैनेजर है। GRP उसकी तलाश में जुटी है। घटना सामने आने के बाद GRP मामले को दबाने में जुटी रही। अधिकारी फोन तक रिसीव नहीं कर रहे हैं। युवती का भोपाल में मेडिकल कराया गया। मेडिकल टीम ने दुष्कर्म की पुष्टि की है।