Follow Us:

BREAKING: कांगड़ा के नूरपुर में स्कूली बस खाई में गिरी, 10 से अधिक बच्चों की मौत

बिट्टू सूर्यवंशी, धर्मशाला |

कांगड़ा जिले के नूरपुर में एक स्कूली बस के खाई में गिरने से 12 बच्चों के मारे जाने की ख़बर है। यह दर्दनाक हादसा नूरपुर के मलकवाल और ठेहड़ गांव के बीच हुआ है। बताया जा रहा है कि 30 से 40 बच्चों से भरी बस लगभग डेढ़ सौ फीट गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में बस का ड्राइवर की भी मौत हो गई है।

समाचार फर्स्ट को कांगड़ा जिले के सीएमओ ने बताया कि हादसे में 12 बच्चों की जान चली गई है, जबकि बेहद ही नाजुक हालत में 4 बच्चों को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

स्कूल बस बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रही थी। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही बच्चों के परिजनों में कोहराम मच गया है। हादसे में गंभीर रूप से घायल 15 से 20 बच्चों को नूरपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थिति को देखते हुए मरने वालों की संख्या बढ़ भी सकती है।

घायल बच्चों में अधिकांश की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है। सभी बच्चे 'वजीर राम सिंह पठानिया मेमोरियल स्कूल' के बताए जा रहे हैं। वहीं, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस घटना के बाद जांच के आदेश जारी कर दिये हैं।